मध्यप्रदेश का एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियार बनाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार
मध्यप्रदेश का एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियार बनाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार
बेंगलुरु, 22 जुलाई (भाषा) देश के विभिन्न राज्यों में कथित रूप से अवैध तरीके से हथियार बनाने और बेचने के आरोप में 40-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जंजीर के रूप में हुई है और वह मध्यप्रदेश के धार जिले के सिंगहाना गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने दावा किया कि उसकी गिरफ्तारी के साथ उसके पास से एक देसी पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई इस साल 25 फरवरी को प्रतिबंधित हथियारों के अवैध परिवहन और कब्जे के संबंध में मिली शिकायत के आधार पर की गई।
इसके बाद शस्त्र अधिनियम, 1959 की धाराओं के तहत सीसीबी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीबी पुलिस ने इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से प्वॉइंट 32 एमएम की चार पिस्तौल, 52 कारतूस, रिवॉल्वर के कुछ हिस्से और तीन मोबाइल फोन बरामद किए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जारी जांच के तहत गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर सीसीबी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से 13 जुलाई को मध्य प्रदेश के धार जिले के सिंगहाना गांव से एक व्यक्ति को पकड़ा। आरोप है कि वह देसी पिस्तौल और कारतूस बनाकर देश के विभिन्न राज्यों में बेचता था।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह आसानी से पैसा कमाने के लिए इस अवैध गतिविधि में शामिल था।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


