मप्र जहरीली शराब कांड: मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मप्र जहरीली शराब कांड: मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सागर (मप्र), 11 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर बहादुरिया ने बताया कि बरायठा जंगल में करीब 40 किलोमीटर दूर पुलिस ने लखेरा (45) को रोका, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। लखेरा के पैर में गोली लगी, जबकि मोटरसाइकिल पर उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि घायल लखेरा को इलाज के लिए पड़ोसी उत्तर प्रदेश के बांदा स्थित अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है।
लखेरा पर लाइसेंसी शराब ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंह लोधी के साथ मिलकर कथित तौर पर नकली शराब बनाने और उसे सागर जिले में तस्करों के जरिए खपाने का आरोप है।
इस मामले में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हुई, जबकि 32 अन्य का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस ने 30 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 16 को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित गंगापुरम कॉलोनी निवासी लखेरा के खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं।
सूत्रों ने बताया कि लखेरा सागर के बहेरिया थाने में वर्ष 2025 में दर्ज अवैध शराब बनाने के एक मामले में भी वांछित था।
पुलिस का आरोप है कि लखेरा शराब बनाने और इसके लिए जरूरी सामग्री जुटाने में माहिर था तथा नकली शराब तैयार करने वाले गिरोह का संचालन करता था।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जहरीली शराब से हुई मौतों की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, माकपा ने राज्य सरकार पर शराब माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सागर के पुलिस अधीक्षक के उस दावे पर सवाल उठाया है कि नकली शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से लाई गई थी।
भाषा दिमो वैभव
वैभव

Facebook


