मप्र: सिंधिया ने गुना में 350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया

Ads

मप्र: सिंधिया ने गुना में 350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 08:10 PM IST

गुना, 29 जून (भाषा) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के गुना में करीब 350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सिंधिया ने अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सिंचाई, रेलवे, सड़क, ऊर्जा, कौशल विकास, कृषि बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।

अधिकारी के अनुसार, दौरे की शुरुआत कंजा गांव में कूनो नदी के उद्गम स्थल से हुई, जहां केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 700 पौधे लगाए।

उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत भी की और चिनेरा गांव में 17.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘चेक डैम’ (छोटा बांध) का उद्घाटन किया। सिंधिया ने कहा, ‘‘जल, जंगल और जमीन का संरक्षण केवल जनभागीदारी से ही संभव है और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।’’

उन्होंने दौरे के अंतिम दिन मुद्रा हनुमान क्षेत्र में 278 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले पावर सबस्टेशन की आधारशिला रखी।

इस परियोजना से लगभग 225 गांवों के 2.25 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके लिए करीब 100 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं। सिंधिया ने कहा कि यह बिजली अवसंरचना क्षेत्र के लाखों लोगों के जीवन में नई रोशनी लाएगी और बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय बनाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने यात्रा के दौरान खुटियावाड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 4.5 मेगावाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 75 लाख यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा।

उन्होंने तिलवाड़ा (मार्की महू) में 14.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक आईटीआई भवन और 2.18 करोड़ रुपये की लागत से बने धनवाड़ी पावर सबस्टेशन का भी लोकार्पण किया।

सिंधिया ने गुना रेलवे स्टेशन से बीना-रुठियाई-बीना मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई और कहा कि स्थानीय यात्रियों की मांग को देखते हुए ट्रेन के समय में बदलाव का प्रस्ताव रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा गया है।

इसके अलावा उन्होंने लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फल एवं सब्जी बाजार का भूमि पूजन किया और 11.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन सड़कों का उद्घाटन किया।

उन्होंने बुध बालाजी क्षेत्र में 160 लाभार्थियों को भूमि पट्टे भी वितरित किए। केंद्रीय मंत्री ने यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी संवाद किया।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र