भुवनेश्वर, 21 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में बारिश के पानी से उफनते नाले में बह जाने से जान गंवाने वाले भुवनेश्वर के एक परिवार के सात सदस्यों का अंतिम संस्कार सोमवार तड़के पुरी के स्वर्गद्वार में किया गया। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।
मध्यप्रदेश के गढ़ाकाना से सातों लोगों के शवों को देर रात करीब 1:30 बजे भुवनेश्वर पहुंचाया गया।
मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के चार वरिष्ठ अधिकारी पुलिस दल के साथ शवों को लेकर भुवनेश्वर पहुंचे।
राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह और स्थानीय विधायक अनंत नारायण जेना, सुशांत कुमार राउत तथा बाबू सिंह ने मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
मृतकों के एक परिजन ने बताया कि बाद में शवों को पुरी के स्वर्गद्वार ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हरिचंदन ने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है, जिसमें सात जिंदगियां चली गईं। मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि इस कठिन परिस्थिति का सामना करने के लिए परिवार को शक्ति दें।”
उन्होंने कहा, “बनमाली बेहरा के परिवार को हुए नुकसान की भरपाई कोई नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।”
पुलिस आयुक्त सिंह ने कहा कि प्रशासन और समाज शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।”
मध्यप्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने कहा, “हमने प्राथमिकी की प्रति, मृत्यु प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज परिवार को सौंप दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सीधे यहां के स्थानीय तहसीलदार को भेज दी जाएगी, ताकि मृतकों के परिवार को किसी तरह की परेशानी न हो।”
परिवार के सात सदस्यों की शनिवार सुबह मध्य प्रदेश में मौत हो गई। आगर-मालवा जिले में मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौटते समय नलखेड़ा के पास बारिश के पानी से उफनते नाले में उनका वाहन बह गया था।
मृतकों की पहचान सिब प्रसाद बेहरा (43), ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा (40), रीता रानी बहेरा (36), राधा रानी बेहरा (34), कृष्ण राजबीर (13), साई स्वर्ण प्रभा बेहरा (6) और साई स्वास्तिक बेहरा (10) के रूप में हुई है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव