सिवनी, 11 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक मकान से झुलसे हुए दो शव बरामद किये गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शव पति-पत्नी के हैं हालांकि उनकी पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, शव उगली थाना क्षेत्र के मोहबर्रा गांव स्थित एक मकान से बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बुरी तरह झुलसे होने के कारण उनकी पहचान संभव नहीं हो सकी और पहचान सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर से आए फोरेंसिक विशेषज्ञों ने डीएनए नमूने एकत्र किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिस मकान से शव मिले हैं, वह मुख्य बस्ती से दूर खेतों के बीच स्थित है।
उन्होंने बताया कि 50 वर्षीय शिक्षिका मालती धुर्वे लगातार दो दिन तक विद्यालय नहीं पहुंचीं, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उनकी बहन से संपर्क किया।
अधिकारी ने बताया कि बहन जब उनके घर पहुंची तो वहां झुलसे हुए दो शव मिले, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, मकान के भीतर कई स्थानों पर खून के धब्बे और फर्श पर घसीटे जाने के निशान मिले हैं, जिससे संघर्ष होने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि शव मालती धुर्वे और उनके 52 वर्षीय पति समन धुर्वे के हो सकते हैं, जो दोनों शिक्षक थे।
लालचंदानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता के संकेत नहीं मिले हैं।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना दंपति के परिजनों को दे दी गई है, जिनमें उनके दो बेटे भी शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं दिमो जितेंद्र
जितेंद्र
जितेंद्र