मध्य प्रदेश : बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत

Ads

मध्य प्रदेश : बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 6, 2022 / 02:12 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:46 PM IST

शहडोल (मप्र), छह मई (भाषा) मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में बिजली का करंट लगने से दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

धनपुरी थाना के प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। धनपुरी के वार्ड नंबर दो में अजय माली का पोल्ट्री फॉर्म है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को पोल्ट्री फॉर्म का कर्मचारी आरिफ खान (25) पानी से फर्श की धुलाई कर रहा था, तभी अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गिर गया। आरिफ को अचानक गिरता देख वहां मौजूद अजय माली (45) उसे उठाने दौड़ा और जैसे ही उसने आरिफ को छुआ, वह भी गिरकर बेहोश हो गया।

अधिकारी ने बताया कि कुछ देर बाद वहां मौजूद लोग दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बुढ़ार ले गए लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जायसवाल ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बिजली का तार कहीं से खुला था जो पानी के संपर्क में आ गया, जिससे फर्श पर करंट फैल गया।

भाषा सं दिमो पवनेश सुरभि

सुरभि