नागौर जिले में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में भाई-बहन गिरफ्तार: पुलिस

Ads

नागौर जिले में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में भाई-बहन गिरफ्तार: पुलिस

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 09:32 PM IST

जयपुर, 29 अगस्त (भाषा) नागौर जिले में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में पुलिस ने भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित के पैर रस्सी से बांधकर लकड़ी के डंडे व लात-घूंसों से उसकी पिटाई की थी जिससे उसकी मौत हो गई।

जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की रात जानेवा गांव की पश्चिमी सीमा पर स्थित खेत में बने एक मकान में शेराराम का शव पाया गया था। मृतक के भाई ने थाना सुरपालिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके 45 वर्षीय भाई शेराराम की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है।

पुलिस की जांच के दौरान पीड़ित के संपर्क में रहने वाली मोनिका (30) के संबंध में जानकारी मिली।

मोनिका जानेवा-पश्चिम की रहने वाली है। उसका भाई श्रवणराम रक्षाबंधन से एक दिन पहले अपनी बहन मोनिका को लेकर जानेवा आया था।

पुलिस की जांच के अनुसार मोनिका स्वयं शेराराम के मकान पर गई थी और वहां दोनों ने शराब पी। इसी दौरान श्रवणराम भी वहां पहुंच गया।

दोनों आरोपियों ने शेराराम के साथ मारपीट की और उसके पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसके साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद शव वहीं पड़ा रहा। अगले दिन शाम करीब आठ बजे शव से बदबू आने पर ग्रामीणों को घटना का पता चला जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शेराराम की हत्या के आरोप में इन दोनों को गिरफ्तार किया है।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष