महाराष्ट्र: कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा की ‘चोरी’ के खिलाफ सत्याग्रह अभियान शुरू किया

Ads

महाराष्ट्र: कांग्रेस ने राम मंदिर चढ़ावा की ‘चोरी’ के खिलाफ सत्याग्रह अभियान शुरू किया

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 07:09 PM IST

नासिक, सात जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही जांच को घटना पर पर्दा डालने का प्रयास बताते हुए मंगलवार को इसकी पड़ताल उच्चतम न्यायालय के किसी मौजूदा न्यायाधीश से कराने की मांग की।

सपकाल ने यहां ऐतिहासिक कालाराम मंदिर से पार्टी का राज्यव्यापी ‘रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह’ शुरू करते हुए आरोप लगाया कि नकद दान, सोने, चांदी और अन्य कीमती सामान का गबन किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी लोगों के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में शामिल होने का दावा करते हुए कहा कि ट्रस्ट को जानबूझकर सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के दायरे से बाहर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट को चढ़ावे के आय-व्यय के विवरण को भी सार्वजनिक करना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि अगर आरोपी आदिवासी, पिछड़े या अल्पसंख्यक समुदायों से होते, तो उनके खिलाफ ‘बुलडोजर की कार्रवाई’ शुरू कर दी गई होती। उन्होंने सवाल किया कि राय और मिश्रा के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कब की जाएगी।

सपकाल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी आलोचना की और दावा किया कि सरकार ने नासिक में बादल फटने तथा भारी बारिश की चेतावनी देकर कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया था।

सपकाल ने कहा कि यह आंदोलन नौ जुलाई से पूरे महाराष्ट्र में जारी रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने भक्तों को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अपना यह अभियान तब तक जारी रखेगा जब तक अयोध्या मंदिर में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं हो जाती।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश