महेशन की पत्नी ने चेन्निथला से भेंट की, पूर्व एसएनडीपी नेता की मौत की नये सिरे से जांच की मांग की

Ads

महेशन की पत्नी ने चेन्निथला से भेंट की, पूर्व एसएनडीपी नेता की मौत की नये सिरे से जांच की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 04:54 PM IST

अल्लाप्पुझा (केरल), पांच जुलाई (भाषा) एसएनडीपी योगम कनिचुकुलंगरा यूनियन के पूर्व सचिव के के महेशन की पत्नी ने रविवार को हरिपाद में केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला से मुलाकात की और अपने पति की मौत की नए सिरे से जांच की मांग करते हुए उन्हें एक अर्जी सौंपी।

महेशन जून 2020 में अलाप्पुझा जिले के कनिचुकुलंगरा में ‘श्री नारायण धर्म परिपालन योगम’ (एसएनडीपी) यूनियन के कार्यालय में मृत पाए गए थे।

पुलिस ने एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन, उनके प्रबंधक के एल अशोकन और उनके बेटे तुषार वेल्लापल्ली को बतौर आरोपी नामजद करते हुए मामला दर्ज किया था।

हालांकि, महेशन की पत्नी उषा ने आरोप लगाया कि इस मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई और जांच ठीक से आगे नहीं बढ़ी, क्योंकि इसमें वेल्लापल्ली नटेसन एवं तुषार वेल्लापल्ली लिप्त हैं।

उन्होंने हरिपाद में चेन्निथला के कार्यालय में उनसे मुलाकात की और उन्हें अर्जी सौंपी।

उषा ने पत्रकारों को बताया, “हमने उनसे अनुरोध किया कि वह एक नई जांच टीम नियुक्त करें और मामले की उचित जांच सुनिश्चित करें।”

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपना परिचय महेशन की पत्नी के रूप में दिया, तो गृह मंत्री ने उन्हें तुरंत पहचान लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें मामले की सारी जानकारी दी। उन्होंने हमें बताया कि मामला अभी बरकरार है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच करेंगे और जरूरी कार्रवाई करेंगे।’’

उषा ने आरोप लगाया कि नटेसन और तुषार वेल्लापल्ली उनके दिवंगत पति पर आरोप इसलिए लगा रहे थे, ताकि परिवार मामला वापस ले ले।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हम इससे पीछे नहीं हटेंगे। जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता, हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।’’

संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद, उषा ने मुख्यमंत्री वी डी सतीशन को पत्र लिखकर इस मामले की नए सिरे से जांच की मांग की थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी एम सुधीरन ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नए सिरे से जांच की परिवार की मांग का समर्थन किया था।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप