कोलकाता के बुर्तोल्ला हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता के बुर्तोल्ला हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस ने शहर के बुर्तोल्ला इलाके में पिछले सप्ताह एक महिला की हत्या और उसके बेटे को घायल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हावड़ा निवासी आरोपी का विवाहित महिला से अपनी शादी से पहले प्रेम प्रसंग था। उन्होंने बताया कि आरोपी को पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में लावा इलाके में स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, “आरोपी और महिला कुछ साल पहले सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक-दूसरे के संपर्क में आये और दोस्त बन गये थे। व्यक्ति ने सिलीगुड़ी में किसी और महिला से शादी कर ली थी और इसके बाद उन दोनों का रिश्ता खत्म हो गया था। व्यक्ति की शादी कुछ साल ही चली और फिर उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई।”
उन्होंने बताया कि इसके कुछ महीने बाद आरोपी बुर्तोल्ला की रहने वाली एक महिला के संपर्क में आया लेकिन उसने व्यक्ति के प्रस्ताव को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि उसका बेटा बड़ा हो गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “इस बात से नाराज आरोपी ने बदला लेने का फैसला किया। उसकी मंशा महिला के बेटे की हत्या करने की थी लेकिन उसने महिला की हत्या कर दी।”
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का इरादा अपनी पूर्व पत्नी, उसके पति और उनके बेटे की हत्या करने का भी था। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का दो पहिया वाहन और कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया जाएगा।”
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पिछले बुधवार को बुर्तोल्ला इलाके में मीनाक्षी भट्टाचार्य (55) के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी थी और उसके 15 वर्षीय बेटे को चाकू घोंप बुरी तरह से घायल कर दिया था।
भाषा नोमान देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


