इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पश्चिम एशिया से वापस लाया गया, गिरफ्तार

Ads

इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पश्चिम एशिया से वापस लाया गया, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 11:49 AM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 11:49 AM IST

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (भाषा) सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने पश्चिम एशिया से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने यह नहीं बताया कि उसे किस देश से प्रत्यर्पित किया गया था।

इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि जून 2025 में कुमारी की हत्या के बाद मोगा निवासी और स्वयंभू कट्टरपंथी सिख नेता मेहरों (30) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भाग गया था। बठिंडा पुलिस ने उसकी तलाश के लिए एक सर्कुलर जारी किया था।

इंस्टाग्राम पर ‘‘कमल कौर भाभी’’ के नाम से चर्चित 30 वर्षीय इन्फ्लुएंसर का शव बठिंडा के एक पार्किंग स्थल में लावारिस कार में मिला।

इससे पहले, हत्या के सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से मोगा के जसप्रीत सिंह और तरन तारन के निम्रतजीत सिंह ने कहा था कि उन्होंने कुमारी की हत्या ‘‘अनैतिक और अश्लील सामग्री अपलोड करने के कारण की थी, जिससे सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची थी’’।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भगोड़े मेहरों को भारत प्रत्यर्पित किया गया और शुक्रवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।

डीजीपी ने कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता में बठिंडा पुलिस ने पंजाब पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ के तहत ओएफटीईसी (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से जून 2025 में बठिंडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ​​कमल भाभी की सनसनीखेज हत्या के मुख्य आरोपी भगोड़े अमृतपाल सिंह मेहरों को पश्चिम एशिया से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘11 जून 2025 को आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को आदेश अस्पताल, बठिंडा में खड़ी की गई एक कार में रख दिया। इस मामले में उसके अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।’’

यादव ने कहा कि अपराध को अंजाम देने के बाद मेहरों कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़कर भाग गया।

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर पश्चिम एशिया में उसके ठिकाने का पता लगाया और प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर भारत प्रत्यर्पित किया गया, जहां उसे 10 अप्रैल, 2026 की सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया।

डीजीपी ने कहा, ‘‘पंजाब पुलिस संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ अपनी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति को दोहराती है और एक सुरक्षित पंजाब सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।’’

कुमारी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए एक वीडियो में मेहरों कथित तौर पर यह कहते हुए दिख रहा है कि सोशल मीडिया पर ‘‘अनैतिक और अश्लील सामग्री’’ के कारण इन्फ्लुएंसर की हत्या उसके दो साथियों ने की थी। उसने ‘‘आपत्तिजनक सामग्री’’ बनाने वाले अन्य लोगों को भी ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी थी।

पुलिस ने पहले कहा था कि मेहरों पर पंजाब की कम से कम दो अन्य महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को धमकी देने का भी आरोप है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा