पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम की गई, दो लोग गिरफ्तार

पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम की गई, दो लोग गिरफ्तार

पंजाब में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम की गई, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: June 4, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: June 4, 2026 5:26 pm IST

चंडीगढ़, चार जून (भाषा) राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) एसएएस नगर (मोहाली) ने सीमा पार आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विदेश स्थित एक आतंकवादी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

उनके कब्जे से पूरी तरह से तैयार आरडीएक्स आधारित संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद कर एक आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार किए गए लोगों में अमृतसर के गुज्जरपुरा निवासी मणि सिंह (32) और अमृतसर के गिलवाली गेट निवासी अभिषेक कुमार (28) शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि बरामद किया गया लगभग 2.5 किलोग्राम आईईडी पूरी तरह से इस्तेमाल के लिए तैयार था।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस अभियान ने एसएएस नगर में महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की एक घृणित साजिश को विफल कर दिया और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरे की आशंका को टाल दिया। डीजीपी ने कहा कि इस साजिश में शामिल आतंकवादियों, सहयोगियों और कड़ियों सहित पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।

अभियान का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को मोहाली के वाईपीएस चौक के सामने एक पार्क के पास से पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि विस्फोटक उपकरण के साथ बस से अमृतसर से मोहाली आए थे।

अधिकारियों ने तुरंत बम निरोधक दस्ते को बुलाया, जिसने सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सफलतापूर्वक आईईडी को निष्क्रिय कर उसे नष्ट कर दिया।

आईजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी मणि सिंह ने हाल में एक सोशल मीडिया मंच के माध्यम से विदेश में रहने वाले आतंकवादी से संपर्क किया और अपने बहनोई अभिषेक कुमार को उससे मिलवाया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी बातचीत के दौरान विदेश में रहने वाले आतंकवादी ने कुछ कार्यों को पूरा करने के बदले में आर्थिक सहायता की पेशकश की और दोनों अपनी आर्थिक तंगी के कारण उसके लिए काम करने के लिए सहमत हो गए।

एसएसओसी (एसएएस नगर) पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में