मालवीय नगर आग: दुकानदार ने आग से प्रभावित परिवारों के लिए मदद की अपील की

Ads

मालवीय नगर आग: दुकानदार ने आग से प्रभावित परिवारों के लिए मदद की अपील की

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 05:36 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में भीषण आग लगने पर जान बचाने के लिए ऊपर से कूदते लोगों के वास्ते अपनी दुकान से गद्दे निकाल कर बिछा देने वाले कारोबारी ने मंगलवार को कहा कि उसे अपने नुकसान की भरपाई मिल गई है तथा लोगों से उसकी अपील है कि वे पीड़ितों के परिवारों की मदद करें।

इस होटल के समीप गद्दे की दुकान चलाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी ने कहा कि उन्होंने इमारत के अंदर फंसे लोगों की मदद के लिए अपनी दुकान से जो गद्दे और रजाईयां निकाली थीं, उससे उन्हें हुए नुकसान की भरपाई के लिए उनके पड़ोसी और शुभचिंतक आगे आए।

आग लगने की सूचना मिलते ही मंसूरी और उनके बेटे अरमान बचाव कार्य में जुट गए। धुएं से इमारत पूरी तरह घिर जाने पर उन्होंने होटल के बाहर गद्दे बिछा दिए ताकि बचने के लिए खिड़कियों से कूदने की कोशिश कर रहे लोगों को कम से कम चोट लगे।

मंसूरी ने कहा, ‘‘मेरे नुकसान की भरपाई हो गयी। मेरी दुकान कुछ दिनों में फिर से खुल जाएगी।

उन्होंने लोगों से आग पीड़ितों के परिवारों की मदद करने की अपील की।

बचाव कार्य में शामिल अन्य स्थानीय निवासी मोहम्मद अफजल ने भी लोगों और अधिकारियों से अपील की कि वे इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों, विशेष रूप से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करें।

पीड़ितों में से एक का जिक्र करते हुए अफजल ने बताया कि होटल में सफाईकर्मी के तौर पर काम करने वाली झारखंड की एक युवती की आग में मौत हो गई।

उन्होंने अपील की कि जिस तरह अपने एकमात्र कमाऊ सदस्य को गंवा देने वाले परिवारों को मदद दी जा रही है, उसी तरह उसके परिवार को भी मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों से ऐसे परिवारों की मदद करने का अनुरोध करते हैं। उन्हें सबसे ज्यादा मदद की जरूरत है।’’

पिछले मंगलवार को मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में ‘फ्लोरिश स्टे होटल’ में आग लगने पर 12 विदेशी नागरिकों सहित 22 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा

शीर्ष 5 समाचार