कोझिकोड (केरल), 12 जुलाई (भाषा) तिरुवंबाडी में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस की टिकट बिक्री से कमाई गई रकम लूटने के मामले में 36 वर्ष से फरार 71 वर्षीय व्यक्ति को कर्नाटक के मैसुरु से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मलप्पुरम जिले के अरिकोड का निवासी, आरोपी वी.के. जोस मैसुरु के नरसिम्हाराजा इलाके में कथित तौर पर शिवकुमार नाम से रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि जोस ने 1990 में तिरुवंबाडी और कुंबारा के बीच चलने वाली केएसआरटीसी बस के कंडक्टर पर कथित तौर पर बंदूक तानकर वह रकम लूट ली थी जो टिकट ब्रिकी से एकत्र हुई थी।
इस संबंध में तिरुवंबाडी पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया था। इसके बाद अदालत ने उसकी गिरफ्तारी का आदेश जारी किया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जोस मैसुरु भाग गया था, जहां उसने अपनी पहचान बदल ली, विवाह किया और परिवार बसा लिया।
पुलिस ने बताया कि आठ जुलाई को जोस और उसकी पत्नी के बीच घरेलू विवाद के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घर की तलाशी के दौरान मैसुरु पुलिस ने कथित तौर पर उसके बिस्तर के नीचे से एक बंदूक और कुछ दस्तावेज बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि बंदूक और दस्तावेजों के बारे में पूछताछ किए जाने पर जोस कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद मैसुरु पुलिस ने यह जानकारी केरल पुलिस के साथ साझा की। केरल पुलिस ने जांच कर पुष्टि की कि जोस 1990 के लूट के एक मामले में वांछित था।
इसके बाद तिरुवंबाडी पुलिस की एक टीम मैसुरु के नरसिम्हाराजा थाने पहुंची और जोस को हिरासत में लेकर तिरुवंबाडी लाई, जहां उसे अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी