दिल्ली में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 05:05 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 05:05 PM IST

नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 17 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उससे दुष्कर्म करने के आरोप में उत्तम नगर निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पीड़िता को आरोपी के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब 23 जून को नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी 20 जून से लापता है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि परिवार ने अपने स्तर पर लड़की की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्हें उसके अपहरण की आशंका हुई।

पुलिस ने बताया, ‘‘शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया, तकनीकी सुरागों की पड़ताल की और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाकर पीड़िता का पता लगाया। इसके बाद नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया।’’

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पीड़िता की बरामदगी और उसका बयान दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) (दुष्कर्म) और 87 (अपहरण) के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 4 भी जोड़ दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पीड़िता को कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है, जबकि आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

भाषा खारी रंजन

रंजन