कर्नाटक में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

कर्नाटक में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

कर्नाटक में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: July 28, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: July 28, 2026 8:39 pm IST

बागलकोट (कर्नाटक), 28 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के बागलकोट जिले में विवाहेतर संबंध के शक में अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में 29 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जब उसकी पत्नी फंदे से लटकी थी, तब उसने कथित तौर पर इस घटना का वीडियो भी बनाया।

पुलिस के अनुसार, बिलगी तालुक के गलगली गांव में दंपति के घर से सोमवार शाम भाग्यश्री जिगलुर का शव बरामद किया गया।

इसने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति प्रवीण अशोक जिगलुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का उस समय वीडियो बनाया जब वह फंदे से लटकी हुई थी। वीडियो में महिला के संघर्ष करते हुए दिखने की बात सामने आई है।

इसने बताया कि आरोप है कि बाद में आरोपी ने यह वीडियो मृतका के परिवार समेत कई लोगों को भेज दिया।

हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया या मारपीट के बाद उसने आत्महत्या की। जांच के दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध होने का शक था। पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन से मिले कथित वीडियो और घटना के बाद आरोपी द्वारा बनाए गए वीडियो भी बरामद किए हैं।

शाम करीब 5:30 बजे आरोपी ने पीड़िता के पिता को फोन करके बताया कि उसकी मौत हो गई है।

शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे आदमी के साथ नाजायज रिश्ता है। पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन से कथित तौर पर मिले वीडियो और घटना के बाद आरोपी द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो बरामद किए हैं।

बागलकोट के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने कहा, ‘आरोपी ने ये वीडियो महिला के पिता, परिवार के सदस्यों और कुछ दोस्तों के साथ साझा किए थे। हमने ये वीडियो बरामद कर लिए हैं।’

एसपी के अनुसार, आरोपी को पत्नी के फोन में वे वीडियो मिले जिनमें कथित तौर पर अवैध संबंध की बात सामने आ रही थी; उसने उन वीडियो को अपने फोन में कॉपी किया और अपने कुछ दोस्तों के साथ साझा किया।

उन्होंने कहा, ‘हमने पति का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। उसकी जांच के दौरान हमें कुछ वीडियो मिले, जिनसे उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ विवाहेतर संबंध चल रहा है। हम उन वीडियो की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन हालात में यह अपराध हुआ।’

एसपी ने कहा कि मृतका के परिजनों ने भी माना है कि उन्हें कथित अवैध संबंध के बारे में जानकारी थी।

इस खबर पर कि आरोपी ने शायद उस आदमी को वीडियो कॉल किया था जिसके साथ उसकी पत्नी का कथित तौर पर विवाहेतर संबंध था और उसे दिखाया कि क्या हुआ है, गोयल ने कहा: ‘हमें इसकी पुष्टि करनी होगी। हमने फोन जब्त कर लिया है और उसे डेटा निकालने के लिए भेजा है। हम कॉल रिकॉर्ड और डिवाइस में मौजूद डेटा की जांच करेंगे और अगर मुमकिन हुआ तो डिलीट किया गया डेटा भी रिकवर करेंगे।’

पुलिस के मुताबिक, दंपति की शादी 2020 में हुई थी और वे लगभग चार साल से साथ रह रहे थे। उनका तीन साल का एक बेटा है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिछले दो वर्षों से पति के चालक के रूप में काम करने और अक्सर बाहर रहने के दौरान महिला का कथित तौर पर अपने मायके के क्षेत्र के एक युवक से संबंध बन गया था।

पुलिस ने बताया कि कथित प्रेम संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

महिला पिछले डेढ़ महीने से अपने मायके में रह रही थी। जांचकर्ता महिला की इस शिकायत की भी पड़ताल कर रहे हैं कि उसका पति उसकी ठीक से देखभाल नहीं करता था।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) के अनुसार, सोमवार को आरोपी कथित तौर पर अपने ससुराल गया और पत्नी को वापस अपने घर ले आया।

घटना के समय घर में दोनों ही मौजूद थे।

पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और लोहे की रॉड जैसी एक वस्तु भी बरामद की गई है। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से बीयर की बोतलें भी मिली हैं और यह जांच की जा रही है कि क्या महिला को शराब पिलाई गई थी।

मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में