माझी को निशाना बनाकर एआई जनित अश्लील वीडियो साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

माझी को निशाना बनाकर एआई जनित अश्लील वीडियो साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 06:53 PM IST

भुवनेश्वर, पांच जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक सामग्री वाला कृत्रिम मेधा (एआई) जनित फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में रविवार को 22-वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कटक जिले के जगतपुर के रहने वाले विश्वजीत साहू को शनिवार को भुवनेश्वर के साइबर अपराध और आर्थिक अपराध पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध शाखा की नियमित सोशल मीडिया निगरानी के दौरान यह आपत्तिजनक सामग्री सामने आई।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘पता चला कि इस अकाउंट से मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के लिए एआई की मदद से छेड़छाड़ करके तैयार की गईं ऐसी तस्वीरें और वीडियो अपलोड करके उन्हें साझा किया गया, जिनमें अश्लील भाषा, भद्दे इशारे और अपमानजनक सामग्री थी।’’

पुलिस ने कहा कि यह सामग्री सार्वजनिक रूप से उपलब्ध थी और इसके बड़े पैमाने पर फैलने की संभावना थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया और गिरफ्तारी की गई।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश