इसरो मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपी हिरासत में
इसरो मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपी हिरासत में
बेंगलुरु, तीन जुलाई (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल भेजने के आरोप में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि व्यक्ति मानसिक बीमारी से ग्रस्त है।
पुलिस के अनुसार, इसरो मुख्यालय को एक ईमेल मिला जिसमें दावा किया गया था कि इमारत में बम रखा गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिसर की गहन तलाशी ली।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और ई-मेल में किया गया दावा झूठा साबित हुआ।
इसरो के प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर संजय नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ई-मेल भेजने वाले की पहचान गाजियाबाद के व्यक्ति के तौर पर की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ज़ब्त करके उसकी जांच की गई, जिससे यह पुष्टि हुई कि उसने इसरो मुख्यालय को धमकी भरा ईमेल भेजा था।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


