महिला की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस

Ads

महिला की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस

  •  
  • Publish Date - May 23, 2023 / 07:36 PM IST,
    Updated On - May 23, 2023 / 07:36 PM IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और मोबाइल फोन नंबर अपलोड कर उसका उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पंजाब के कपूरथला के रहने वाले अमनदीप कुमार के रूप में की गयी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमनदीप (30) बेरोजगार है और उसे इंटरनेट पर यौन सामग्री और अश्लील वीडियो देखने की आदत है और उसने यह कृत्य ‘मजे के लिए’ किया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शाहदरा में रहने वाली 24 वर्षीय पीड़ित महिला की ओर से इस सिलसिले में पुलिस से इसकी शिकायत करने के बाद यह मामला सामने आया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि किसी ने उसके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और मोबाइल नंबर अपलोड किया है।

पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354सी (छिपकर देखना), 354डी (पीछा करना), 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने कहा कि जांच दल ने उक्त इंस्टाग्राम प्रोफाइल के आईपी एड्रेस एकत्र किए और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) का विस्तृत विश्लेषण किया, जिसके दौरान आरोपी के मोबाइल नंबर पर कथित आईपीडीआर एड्रेस पंजीकृत पाए गए।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘फोन नंबर अमनदीप कुमार के नाम से पंजीकृत पाया गया। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना की मदद से आरोपी को पंजाब के कपूरथला स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। ’’

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप