पत्नी की हत्या कर शव पलंग के ‘बॉक्स’ में रखने का आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

Ads

पत्नी की हत्या कर शव पलंग के ‘बॉक्स’ में रखने का आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:25 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां नबी करीम इलाके में पत्नी की कथित रूप से हत्या कर शव को पलंग के ‘बॉक्स’ में रखने के मामले में फरार आरोपी पति को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपी मोहम्मद एजाज ने देहज से संबंधित विवाद के बाद अपनी पत्नी की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और फिर पश्चिम बंगाल भाग गया था। वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है और उसे बुधवार को कोलकाता के कराया इलाके से गिरफ्तार किया गया।

उत्तराखंड के हल्द्वानी की निवासी 28 वर्षीय महिला का सड़ा गला शव आठ मई की रात को मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक किराए के मकान में पलंग के बॉक्स से बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि महिला ने एजाज से 26 अप्रैल को शादी की थी और दंपति हाल में किराए के मकान में रहने आया था।

अधिकारी ने बताया कि महिला के पिता ने तहसीलदार के समक्ष एजाज और उसके छोटे भाई सरफराज के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए।

इन आरोपों के आधार पर, वैशाली निवासी सरफराज (29) को 10 मई को इस मामले में गिरफ्तार किया गया।

जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि एजाज घटना के बाद फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

अधिकारी ने बताया, “लगातार निगरानी के बाद आरोपी का पता कोलकाता में चला। पश्चिम बंगाल में तैनात पुलिस दल ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः 13 मई को कोलकाता के कराया इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।”

पूछताछ के दौरान, एजाज ने दहेज और पैसों से जुड़े विवादों को लेकर हुए झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की। ​उसने बताया कि छह और सात मई की दरमियानी रात को दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके दौरान उसने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद उसने शव को पलंग के बॉक्स में रखा, कमरे को बाहर से ताला लगाया और कोलकाता भाग गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मृतका का मोबाइल फोन 2,500 रुपये में बेचकर भागने के लिए पैसे जुटाए थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर फोन बरामद कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान प्रशांत

प्रशांत