सिमडेगा, छह जून (भाषा) झारखंड पुलिस ने शनिवार को सिमडेगा जिले में एक महिला की कथित हत्या के सिलसिले में तेलंगाना से 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी बिहार के वैशाली के महनार गांव का रहने वाला है और वह कोलेबिरा थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद से 16 मई से फरार था।
मृतका की पहचान जेबा परवीन के रूप में हुई है।
सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीकांत एस खोत्रे ने बताया, ‘गिरफ्तार आरोपी को चार जून को तेलंगाना से ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया गया था। जांच के दौरान पता चला कि महिला की हत्या बिहार के एक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध के कारण हुई थी।’
आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला के परिजनों ने उसकी शादी किसी और से तय कर दी थी।
एसपी ने बताया कि इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और गुस्से में आकर उसने महिला को गोली मार दी।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पिस्तौल और तीन कारतूस जब्त कर लिए हैं। जांच जारी है।
भाषा
शुभम माधव
माधव