महराजगंज, 30 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 400 रुपये के कथित आर्थिक विवाद को लेकर 38 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे रोहुआ चौराहा पुल के पास हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतक मेवालाल प्रजापति महराजगंज जिले के गोनहा गांव का रहने वाला था। आरोप है कि पड़ोसी जिले गोरखपुर के रोहुआ गांव निवासी रामकेश निषाद ने उस पर हमला किया।
शिकायत के अनुसार, मेवालाल अपने सात वर्षीय बेटे अंश और दामाद दिलीप प्रजापति के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से रुपये के विवाद को लेकर उसे रोका और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर मेवालाल का गला दबाया और गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मेवालाल की पत्नी राजमती ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि महज 400 रुपये के विवाद में उनके पति की जान चली गई।
पनियरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुख्य स्थल गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत