गोड्डा, छह सितंबर (भाषा) झारखंड के गोड्डा जिले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी और अपनी ससुराल वालों को घायल कर दिया। व्यक्ति ने बाद में खुद भी फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में हुई, जहां शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ।
पोड़ैयाहाट पुलिस थाने के प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया, ‘पति ने शराब पीने के बाद पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। जब उसकी पत्नी ने विरोध किया, तो उसने उस पर धारदार हथियार से हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब पत्नी के माता-पिता अपनी बेटी को बचाने आए, तो उसने उन पर भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बाद में उसने खुद भी फंदा लगा लिया।’’
उन्होंने बताया कि व्यक्ति राजेंद्र पंडित और उसकी पत्नी रीता देवी (25) के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल ससुराल वालों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंडित की शादी छह साल पहले रीता देवी से हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की दो बेटियां हैं, एक तीन साल की और दूसरी एक महीने की।
ग्रामीणों के अनुसार, पंडित शराब पीकर अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश