मांड्या (कर्नाटक), नौ जून (भाषा) कर्नाटक के मांड्या जिले में मंगलवार को 65 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी और बेटे की कथित तौर पर हत्या करने के बाद अपनी कपड़े की दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रभाकर, उसकी पत्नी ज्योति (55) और बेटे संतोष (28) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रभाकर ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें कारोबार में हुए नुकसान और मकान के लिए लिया गया कर्ज न चुका पाने के दबाव का जिक्र किया गया है।
पुलिस को संदेह है कि इस वजह से प्रभाकर ने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि प्रभाकर ने किराए के मकान में पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद अपनी दुकान में जाकर आत्महत्या कर ली।
मांड्या की पुलिस अधीक्षक शोभा रानी वी.जे. ने यहां पत्रकारों से कहा, “मकान से एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में व्यक्ति ने कहा है कि उसने मकान के लिए कर्ज लिया था और उसपर किस्त जमा करने का दबाव है। उसने यह भी लिखा है कि उसे कारोबार में नुकसान हुआ है। व्यक्ति ने यह भी कहा कि उसने खुद ज्योति की हत्या की है।”
पुलिस को प्रारंभिक जांच के आधार पर संदेह है कि प्रभाकर ने पहले पत्नी और बेटे की गला दबाकर हत्या की और फिर कपड़े की दुकान में जाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने कहा, “दोनों के गले पर निशान मिले हैं। हालांकि घटना का सटीक क्रम और मौत का कारण जांच तथा पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चल पाएगा।”
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश