जयपुर, 24 जून (भाषा) जयपुर के सांगानेर सदर थानाक्षेत्र में मंगलवार देर रात दुकान के बाहर शराब पीने से टोकने को लेकर कुछ लड़कों ने एक युवक की कथित तौर पर धारदार हथियार और पत्थरों से वार करके हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सांगानेर सदर थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि मृतक की पहचान गोविंदपुरा के शिक्षा सागर कॉलोनी निवासी संजू शर्मा (28) के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को पड़ोस के खेत में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे 6-7 लड़के संजू के भाई की किराने की दुकान के बाहर शराब पी रहे थे। उन्होंने बताया कि लड़कों को शराब पीता देख उसके भाई अभिषेक ने उन्हें टोका, इस पर लड़के वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद लड़के वापस आए और संजू के घर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
थानाधिकारी ने बताया, संजू लड़कों को समझाने के लिए घर से बाहर गया था, तभी लड़कों ने उसे अकेला पाकर उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि पत्थर और डंडे से ताबड़तोड़ वार करके लड़के फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि संजू को बचाने गए परिवार के सदस्यों के साथ भी लड़कों ने मारपीट की, जिससे चार लोग घायल हो गए, जिनका प्राथमिक उपचार करवाया गया।
अनिल ने बताया कि परिजनों ने संजू को लहूलुहान हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के पिता कैलाश शर्मा ने हत्या का मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भाषा बाकोलिया मनीषा अमित
अमित