पलक्कड़ में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत

Ads

पलक्कड़ में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:42 AM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:42 AM IST

पलक्कड़ (केरल), 14 मई (भाषा) केरल के पलक्कड़ जिले में मलमपुझा के पास वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक पेड़ के नीचे सो रहे व्यक्ति की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान मलमपुझा के पास स्थित अकामलावरम निवासी चंद्रन के रूप में हुई है।

मलमपुझा थाने की पुलिस के अनुसार, चंद्रन और दो अन्य व्यक्ति घर से कुछ ही दूरी पर सो रहे थे।

उसने बताया कि उनका घर जंगल के किनारे स्थित है और गर्मी के कारण वे घर के बाहर सो रहे थे।

पुलिस ने बताया कि तड़के एक जंगली हाथी भटककर उस इलाके में आ गया। जहां अन्य दो लोग वहां से भागने में सफल रहे, वहीं हाथी ने चंद्रन को घसीटा और उन पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासियों ने हाथी को खदेड़ा और चंद्रन को उसके चंगुल से मुक्त कराया, लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, ये तीनों लोग चंद्रन के घर से करीब 50 मीटर दूर वन क्षेत्र में सो रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि इस गांव में अक्सर जंगली जानवर भटककर आ जाते हैं इसलिए चंद्रन से ग्रामीणों तथा रिश्तेदारों ने बाहर न सोने को कहा था।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

भाषा सुमित शोभना

शोभना