एक व्यक्ति ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ की हत्या की, शव के 35 टुकड़े किये, उन्हें अलग-अलग जगह फेंका

एक व्यक्ति ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ की हत्या की, शव के 35 टुकड़े किये, उन्हें अलग-अलग जगह फेंका

एक व्यक्ति ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ की हत्या की, शव के 35 टुकड़े किये, उन्हें अलग-अलग जगह फेंका
Modified Date: November 29, 2022 / 08:36 pm IST
Published Date: November 14, 2022 4:15 pm IST

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) दिल्ली में एक वीभत्स घटना में एक व्यक्ति ने अपनी सहजीवन साथी (लिव-इन पार्टनर) की गला घोंटकर कथित रूप से हत्या कर दी, उसके शव के करीब 35 टुकड़े कर उन्हें लगभग 20 दिनों तक फ्रिज में रखा एवं एक के बाद एक कर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में फेंक दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में मुंबई के 28 वर्षीय आफताब पूनावाला को गिरफ्तार किया गया है तथा श्रद्धा वालकर (29) नामक महिला के शरीर के कुछ टुकड़े बरामद किये गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस अपराध में प्रयुक्त किया गया हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-प्रथम (दक्षिण जिला) अंकित चौहान ने बताया, ‘‘ मुंबई में काम करने के दौरान दोनों को एक दूसरे से प्यार हुआ और अपने परिवार वालों के विरोध के चलते वे अप्रैल आखिर या मई के पहले हफ्ते में दिल्ली आ गये। जब वे राष्ट्रीय राजधानी में रह रहे थे तब मध्य मई में शादी को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई जो तेज हो गयी तथा अफताब ने श्रद्धा का गला घोंट दिया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ फिर, उसने शव के टुकड़े किये और उन्हें शहर के अलग-अलग हिस्सों में फेंक दिया। आरोपी ने महिला के शव के इन टुकड़ों को फेंकने से पहले फ्रिज में रखा था।’’

चौहान ने बताया कि इस प्रेमी युगल के दिल्ली में रहना शुरू करने के कुछ दिन बाद मुंबई में महिला के पिता को अहसास हुआ कि उनकी बेटी लापता है और उन्होंने मुंबई पुलिस में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करावायी।

पुलिस के अनुसार आरोपी को पांच दिनों के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने आरोपी के लिए कठोरतम सजा की मांग की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ रूह कँपाने वाले एक मामले में दिल्ली में एक लड़की को उसके पुरुष मित्र ने जान से मार दिया और उसके शव के 35 टुकड़े कर फ्रिज में रखे। उसके शव के टुकड़ों को उसने शहर के अलग अलग इलाक़ों में फेंका। समाज में कैसे कैसे दरिंदे पल रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार किया है। दरिंदे को कड़ी सजा होनी चाहिए।’’

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में