जालोर में पारिवारिक विवाद के चलते व्यक्ति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या की

Ads

जालोर में पारिवारिक विवाद के चलते व्यक्ति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या की

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 03:48 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 03:48 PM IST

जयपुर, 19 फरवरी (भाषा) राजस्थान के जालोर जिले में भीनमाल थाना क्षेत्र के दसपां गांव में बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मगलाराम पुरोहित (40) के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मंगलाराम की पत्नी ददमी देवी (39), बेटी नीकू (10) और बेटा हितेश (7) चारपाई पर मृत पड़े थे और उनके गले पर चोट के निशान थे।

पुलिस के मुताबिक, दीवारों पर भी खून के निशान थे।

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान मंगलाराम ने पत्नी और बच्चों की हत्या की बात कबूल की है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी और बच्चों की हत्या की।

सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मंगलाराम का बड़ा बेटा आंध्र प्रदेश में काम करता है, जबकि दूसरा बेटा मुकेश घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर अपने चाचा के घर सो रहा था।

आरोपी किसान है और उसकी शादी को लगभग 20 साल हो चुके हैं।

विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

भाषा बाकोलिया

शफीक

शफीक