अमरावती, 10 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने से लेकर दुनिया में देश की स्थिति को मजबूत करने तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल हर स्तर पर भारत को बदलने की कोशिशों वाला रहा है।
भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर मोदी को बधाई देते हुए, मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को बदलाव का एक ऐसा दौर बताया जिसने देश के हर कोने को प्रभावित किया है और देश की दिशा को नया रूप दिया है।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज, जब वह भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं, तो हम सिर्फ़ एक रिकॉर्ड का ही नहीं, बल्कि बदलाव के उस दौर का भी जश्न मना रहे हैं जिसने देश के हर कोने को छुआ है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व इस बात पर केंद्रित रहा है कि प्रगति का लाभ हर नागरिक तक पहुँचे।
नायडू ने मोदी की परिवार कल्याण की योजनाओं से लेकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इस दौरान बुनियादी सुविधाओं तक पहुँच बेहतर बनाने के साथ-साथ अंतरिक्ष अन्वेषण, कृषि और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत की क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपने भविष्य को लेकर अधिक आत्मविश्वास से भरा, अपने लक्ष्यों के प्रति अधिक महत्वाकांक्षी और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अधिक दृढ़ संकल्पित होकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश ‘स्वर्ण आंध्र’ निर्माण और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने में योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से बधाई देते हुए, नायडू ने देश का नेतृत्व करने में मोदी की निरंतर सफलता की कामना की।
मोदी ने 10 जून को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं और जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
भाषा
नेत्रपाल मनीषा
मनीषा