उत्तर पूर्वी दिल्ली के व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली के व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली के व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: May 7, 2026 / 01:52 pm IST
Published Date: May 7, 2026 1:52 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली में बुधवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक शख्स की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि वारदात शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में हुई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उनके अनुसार, शास्त्री पार्क थाने को बुधवार देर रात करीब 01:30 बजे चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस टीम बुलंद मस्जिद के नजदीक मछली बाजार के पास घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि फखरुद्दीन (50) नामक व्यक्ति को चाकू मारा गया है। घायल को उसके परिवार वाले जेपीसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शास्त्री पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

उन्होंने बताया कि एक टीम गठित की गई जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कबीर नगर, बाबरपुर निवासी मोहसिन (34) के रूप में हुई है।

उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसका पीड़ित के साथ पुराना विवाद था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहसिन पहले भी चोरी, झपटमारी और मारपीट जैसे सात आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान जितेंद्र वैभव

वैभव


लेखक के बारे में