युवक ने पूर्व प्रेमिका के घर के बाहर चलाई गोली, गिरफ्तार

Ads

युवक ने पूर्व प्रेमिका के घर के बाहर चलाई गोली, गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 23, 2020 / 10:59 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:53 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) दक्षिण पूर्व दिल्ली में अपनी पूर्व प्रेमिका के घर के बाहर गोली चलाने के आरोप में 27 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि युवक ने इसलिए कथित रूप से गोली चलाई, क्योंकि युवती विवाह के बाद उसे नजरअंदाज कर रही थी।

उसने बताया कि सुमित तोमर ने आली विहार स्थित धर्मपाल कॉलोनी में रविवार देर रात उस समय गोली चलाई, जब 24 वर्षीय युवती अपने परिवार के साथ घर पर थी। गोली की आवाज सुनकर युवती ने दरवाजा खोला और तोमर को एक देशी बंदूक हाथ में लिए देखा।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) आर पी मीणा ने बताया कि युवती को देखकर तोमर चिल्लाया, ‘‘बाहर आओ, मैं तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मार दूंगा।’’ इसके बाद वह भाग गया।

युवती ने पुलिस को बताया कि उसके और तोमर के बीच 10 साल तक प्रेम संबंध रहे थे, लेकिन 2018 में उसके विवाह के बाद उसने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि तोमर को यह पसंद नहीं आया और उसने उसे धमकाया कि उसे इसका परिणाम भुगतना होगा।

मीणा ने कहा, ‘‘जांच के दौरान पुलिस को मंगलवार को जानकारी मिली कि तोमर आली विहार वन में छुपा है। छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि तोमर ने पुलिस को बताया कि वह युवती से विवाह करना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

मीणा ने बताया कि तोमर ने पिछले महीने आगरा से बंदूक खरीदी थी, जो उसके पास से बरामद कर ली गई है।

भाषा सिम्मी दिलीप

दिलीप