नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके सुल्तानपुरी में पैसे देने से इनकार करने पर 40 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक एक पार्क में पीड़ित राजिंदर और आरोपियों के बीच हाथापाई हो गई। आरोपियों में दो पुरुष और दो नाबालिग शामिल थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों ने पहले राजिंदर से पैसे मांगे, जिस पर उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। फिर उन्होंने उसका मोबाइल फोन मांगा, लेकिन जब उसने मना कर दिया, तो वे क्रोधित हो गए। आरोपियों में से एक ने उसे चाकू मार दिया, हाथापाई के दौरान हमलावरों में से एक को मामूली चोटें आईं।’’
उन्होंने बताया कि संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल से एक व्यक्ति के चिकित्सा-कानूनी मामले के संबंध में फोन आने के बाद यह घटना सामने आई।
पुलिस ने बताया कि सुल्तानपुरी निवासी राजिंदर को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजिंदर की मृत्यु के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनकी पहचान रतन विहार के राज (23) और सुल्तानपुरी के करण (23) के रूप में हुई है। राज का फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन