अंबाला, 23 फरवरी (भाषा) हरियाणा के अंबाला कैंट में एक बारातघर में दो समूहों के बीच हुए झगड़े में 22 वर्षीय एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात हुए इस झगड़े में दो लोग घायल हो गए। उसने कहा कि घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अंबाला शहर का रहने वाले सोनू अपने दोस्त भूपिंदर (20) और जसराज (19) के साथ रविवार रात एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अंबाला कैंट पहुंचा था।
उसने बताया कि बारात घर में दो समूहों के बीच किसी मुद्दे पर बहस शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक हो गई।
पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान कुछ युवकों ने सोनू और उसके दोस्तों पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि तीनों घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।
उसने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग तीनों दोस्तों पर चाकू से वार करते नजर आ रहे हैं। उसने कहा कि हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उसने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए गठित विशेष दल ने सोमवार को कई जगहों पर छापे मारे।
भाषा पारुल रंजन
रंजन