केरलम में लूटपाट के दौरान व्यक्ति को बांधकर बेरहमी से पीटा गया

Ads

केरलम में लूटपाट के दौरान व्यक्ति को बांधकर बेरहमी से पीटा गया

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 11:30 AM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 11:30 AM IST

कोच्चि, 14 सितंबर (भाषा) केरलम में अलुवा रेलवे स्टेशन के पास दो लोगों ने एक व्यक्ति से कथित तौर पर लूटपाट की और उसे बेरहमी से पीटा। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान जोफिन जोजू (28) के रूप में हुई है, जो कोडानाड का रहने वाला है। वह रविवार तड़के अलुवा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी दो लोगों ने उसे कथित तौर पर रोक लिया।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने पहले जोजू पर पत्थर फेंका, जिससे उसके सिर में चोट लग गई और जब उसने भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया, रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए और पास की एक नहर में गिरा दिया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि इस हमले में उसकी दाहिनी कलाई की हड्डी टूट गई और ठुड्डी पर चोट आई।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने जमीन पर पड़े जोजू को लात मारी और ग्रेनाइट के पत्थर से उसकी दाहिनी पसलियों पर बार-बार वार किया, जिससे उसकी तीन पसलियां टूट गईं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके बैग से कथित तौर पर 1,000 रुपये तथा गले की चेन छीन ली।

बाद में जोजू ने अपने दोस्तों से संपर्क किया, जो मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए।

पुलिस ने बताया कि वह फिलहाल एक निजी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है।

अलुवा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई है और लूटपाट की इस तरह की घटनाओं में शामिल होने के संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कई संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनका पता लगाकर पूछताछ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी