मणिपुर: लापता व्यक्ति का शव मिला

Ads

मणिपुर: लापता व्यक्ति का शव मिला

  •  
  • Publish Date - January 13, 2024 / 09:12 PM IST,
    Updated On - January 13, 2024 / 09:12 PM IST

इम्फाल, 13 जनवरी (भाषा) सुरक्षा बलों को एक लापता व्यक्ति का शव शनिवार को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति 10 जनवरी से लापता था। उन्होंने बताया कि बिष्णुपुर जिले के अकासोई निवासी दारा सिंह तीन अन्य लोगों के साथ निकटवर्ती चुराचांदपुर जिले के एक पर्वतीय क्षेत्र से लापता हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि ये लोग वहां बुधवार को लकड़ी इकट्ठा करने गए थे।

पुलिस के अनुसार सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल ले जाया गया है और शव पर गोली लगने के निशान थे।

अधिकारियों ने बताया कि तीन अन्य के शव पिछले बृहस्पतिवार को चुराचांदपुर जिले के हाओतक फेलेन से बरामद किये गये थे। उन्होंने बताया कि दारा सिंह का शव उस स्थान से लगभग 150 मीटर दूर पाया गया जहां अन्य शव मिले थे।

उन्होंने बताया कि तीन अन्य व्यक्तियों की पहचान इबोम्चा सिंह (51), उनके बेटे आनंद सिंह (20) और रोमेन सिंह (38) के रूप में की गई थी।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव