इम्फाल, 23 सितंबर (भाषा) मणिपुर मंत्रिमंडल ने इम्फाल पूर्वी जिले के टीबी अस्पताल में 70 बिस्तरों वाले राज्य डायलिसिस केंद्र की स्थापना को मंजूरी दे दी है। सरकार के प्रवक्ता डॉ. सपम रंजन ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सपम ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में भारत सरकार के संशोधित ‘राइट ऑफ वे’ (आरओडब्ल्यू) मुआवजा ढांचे के अनुसार बिजली पारेषण लाइनों से प्रभावित भूमि मालिकों को मुआवजा देने को भी मंजूरी दी गई।
प्रस्तावित मणिपुर राज्य डायलिसिस केंद्र का संचालन जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) के तहत किया जायेगा और यह नियमित उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को विशेष डायलिसिस सेवाएं उपलब्ध करायेगा।
उन्होंने कहा कि ‘‘इस केंद्र से उन मरीजों को होने वाली परेशानियां कम होने की उम्मीद है, जिन्हें नियमित अंतराल पर डायलिसिस की जरूरत होती है और सेवा प्राप्त करने के लिए अक्सर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।’’
उन्होंने कहा कि डायलिसिस केंद्र का संचालन प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के तहत किया जायेगा जबकि चिकित्सा सहायता योजना मुख्यमंत्री-गी हक्शेलगी तेंगबांग (सीएमएचटी) के तहत लाभार्थियों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जायेगा।
सपम ने यह भी कहा कि यह निर्णय राज्य में डायलिसिस सेवाओं की बढ़ती जरूरत को देखते हुए लिया गया है।
भाषा देवेंद्र वैभव
वैभव