मणिपुर: कांग्रेस विधायक दल के नेता ने सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए समयसीमा की मांग की

Ads

मणिपुर: कांग्रेस विधायक दल के नेता ने सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए समयसीमा की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 07:34 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 07:34 PM IST

इंफाल, 23 जून (भाषा) मणिपुर में कांग्रेस विधायक दल के नेता केईशम मेघचंद्र सिंह ने मांग की है कि प्रदेश सरकार राज्य में सामान्य स्थिति की बहाली के लिए एक समय-सीमा तय करे और न्याय, सुरक्षा व सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दे।

मेघचंद्र ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तीन मई, 2023 से मणिपुर के लोग परेशानियों, विस्थापन, अनिश्चितता और सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त होने का सामना कर रहे हैं।

मई 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच हुई हिंसा के कारण मणिपुर में कम से कम 260 लोगों की मौत हुई है और हजारों लोग विस्थापित हुए है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि लगभग पांच महीने पहले बनी भाजपा की सरकार को राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए एक स्पष्ट व व्यावहारिक रोडमैप प्रस्तुत करना चाहिए।

मेघचंद्र ने कहा, “हालांकि स्थिति जटिल बनी हुई है, लेकिन लोग स्पष्टता और ठोस कार्रवाई चाहते हैं। सरकार को यह बताना चाहिए कि जनविश्वास बहाल करने, पुनर्वास सुनिश्चित करने, विस्थापित लोगों की सुरक्षित वापसी को सुगम बनाने और स्थायी शांति के लिए परिस्थितियां कायम करने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए जा रहे हैं।”

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप