मणिपुर: सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई, 30 लोग घायल

Ads

मणिपुर: सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई, 30 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 12:35 AM IST

इंफाल, आठ अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक दिन पहले विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीआरपीएफ शिविर पर धावा बोलने की कोशिश कर रही भीड़ पर सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में मृतकों की संख्या बुधवार को बढ़कर तीन हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मणिपुर पुलिस के मुताबिक, घटना में 30 लोग घायल हुए हैं।

मंगलवार को मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए बम हमले में दो बच्चों की मौत के विरोध में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं प्रदर्शन कर रहे थे और तभी स्थिति हिंसक हो गई।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि लगभग 500 लोगों की भीड़ ने जब बिष्णुपुर जिले के गेलमोल गांव में सीआरपीएफ शिविर में जबरन घुसने की कोशिश की, तो सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की।

इसमें कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने भीड़ को शांत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उनके वाहनों और अन्य संपत्तियों को जलाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया, ‘जब भीड़ ने शिविर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की, तो सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए।’

भाषा

शुभम पारुल

पारुल