इंफाल, 27 मई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को जनसांख्यिकीय परिवर्तन का अध्ययन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन को ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि उनकी सरकार समिति को पूरा सहयोग देगी।
सिंह ने ‘‘अवैध प्रवासन और अन्य कारणों’’ से देश में जनसांख्यिकीय परिवर्तन का अध्ययन करने के लिए समिति गठित करने के केंद्र के निर्णय की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘मणिपुर सरकार उच्च स्तरीय समिति को पूरा सहयोग देगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त, 2025 को उच्च स्तरीय जनसांख्यिकी मिशन की घोषणा और उसके बाद 11 सितंबर को इसे केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलना, मणिपुर और अन्य सीमावर्ती राज्यों के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित पहल है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि समिति की अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रकाश प्रभाकर नौलेकर करेंगे और इसमें जनगणना आयुक्त के साथ-साथ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा, पूर्व आईपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव और डॉ. शमिका रवि भी सदस्य के रूप में शामिल होंगे।
भाषा शफीक शोभना
शोभना