मणिपुर : महिला प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा संकट को हल करने की मांग की

Ads

मणिपुर : महिला प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा संकट को हल करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 25, 2024 / 08:37 PM IST,
    Updated On - June 25, 2024 / 08:37 PM IST

इंफाल, 25 जून (भाषा) मणिपुर अखंडता समन्वय समिति (सीओसीओएमआई) की महिला शाखा ने मंगलवार को इंफाल ईस्ट जिले में एक रैली निकाली और केंद्र तथा राज्य सरकारों से हिंसा प्रभावित मणिपुर की क्षेत्रीय और प्रशासनिक अखंडता से समझौता किए बिना मौजूदा संकट का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाएं ‘राज्य की अखंडता से कोई समझौता नहीं’ लिखी तख्तियां लेकर वरिष्ठ मंत्री थोंगम बिस्वजीत के संजेनथोंग स्थित सरकारी आवास पर भी गईं, लेकिन वह वहां नहीं थे।

महिला शाखा की नेता वाई. लैरीक्लेइमा ने अपने समुदाय के निर्वाचित प्रतिनिधियों की कथित चुप्पी की आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि वे लोगों के लिए खड़े नहीं हो सकते हैं और राज्य की क्षेत्रीय और प्रशासनिक अखंडता की रक्षा नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

इसके अतिरिक्त, महिला प्रदर्शनकारियों ने इंफाल वेस्ट जिले के लामसांग क्षेत्र में एक और रैली निकाली और कहा कि किसी भी गांव के स्वयंसेवकों की गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने अलग प्रशासन के किसी भी प्रस्ताव का विरोध किया।

भाषा शफीक धीरज

धीरज