मरांडी ने भर्ती परीक्षाएं रद्द करने को लेकर झारखंड सरकार पर छात्रों को ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया

Ads

मरांडी ने भर्ती परीक्षाएं रद्द करने को लेकर झारखंड सरकार पर छात्रों को ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 07:27 PM IST

रांची, 18 अगस्त (भाषा) झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार भर्ती परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा करके ‘‘आंदोलन कर रहे छात्रों को धोखा दे रही है।’’

उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) दोनों में अनियमितताओं की खबरें सामने आ रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों एजेंसियों ने नौकरियां बेचीं और राज्य के छात्रों तथा अभ्यर्थियों के अधिकारों से समझौता किया।

राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा और 2014 से आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाएं रद्द करने की सोमवार को घोषणा की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने कहा, ‘‘हेमंत सोरेन सरकार परीक्षा रद्द करने की घोषणा करके छात्रों को धोखा दे रही है। जब सरकार जानती है कि आंदोलनकारी सीबीआई जांच चाहते हैं, तो वह पीछे क्यों हट रही है? इससे साफ है कि सरकारी पदों पर आसीन लोग भी नौकरियां बेचने में शामिल हैं।’’

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप