रिश्वत मामले में कांग्रेस और माकपा के बीच ‘मैच फिक्स’: केरलम भाजपा अध्यक्ष

Ads

रिश्वत मामले में कांग्रेस और माकपा के बीच 'मैच फिक्स': केरलम भाजपा अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 03:19 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 03:19 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 19 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले को लेकर शनिवार को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच ‘मैच फिक्स’ होने का आरोप लगाया।

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा ईडी की जांच के दायरे में हैं।

चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने विजयन के कथित भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाया था और उनकी पार्टी ने उसी भ्रष्टाचार के नाम पर वोट मांगे थे।

चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भ्रष्टाचार विश्वासघात है, वहीं “राजनीतिक भ्रष्टाचार लोकतंत्र के साथ धोखा है।”

सत्तारूढ़ कांग्रेस का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा, “सत्ता में आने के बाद, उन्होंने एक्सालॉजिक मामले पर कुछ क्यों नहीं किया?”

चंद्रशेखर ने कहा, “लोगों के मन में यह संदेह है कि माकपा और कांग्रेस के बीच मैच फिक्स है। अगर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन माकपा के साथ फिक्स मैच खेलने की कोशिश करेंगे, तो भाजपा इसका कड़ा विरोध करेगी।”

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने ‘आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं’ के नाम पर धोखाधड़ी करके विजयन की बेटी वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।

इससे पहले शनिवार को ही राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि सरकार को मामला दर्ज करने के संबंध में महाधिवक्ता की कानूनी राय मिल गई है और गृह विभाग फिलहाल इसका अध्ययन कर रहा है।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष