इंडिया एआई-इम्पैक्ट समिट से पहले एमसीडी ने लगभग 380 अनधिकृत बैनर हटाए

Ads

इंडिया एआई-इम्पैक्ट समिट से पहले एमसीडी ने लगभग 380 अनधिकृत बैनर हटाए

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 05:48 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 05:48 PM IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ‘इंडिया एआई-इम्पैक्ट समिट 2026’ से पहले अवैध विज्ञापनों के खिलाफ जारी अभियान के तहत विभिन्न स्थानों से करीब 380 अनधिकृत बैनर और होर्डिंग हटाए हैं। आधिकारिक अभिलेखों में यह जानकारी दी गई है।

यह अभियान एक जनवरी से फरवरी के शुरुआती सप्ताह तक चलाया गया।

कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि के दौरान राजनीतिक और धार्मिक बोर्ड, व्यावसायिक बैनर, होर्डिंग और सनपैक शीट समेत कुल 379 अनधिकृत ढांचे हटाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि करोल बाग में सबसे अधिक कार्रवाई की गई, जहां पांच, 12 और 20 जनवरी तथा नौ फरवरी को चलाए गए चार अभियानों में 87 अनधिकृत अवसंरचनाएं हटाई गईं। इसके बाद मध्य क्षेत्र का स्थान रहा, जहां 38 अवसंरचनाएं हटाई गईं, जिनमें से 31 केवल 10 जनवरी को ही हटा दिये गये थे।

एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक, रोहिणी सहित अन्य इलाकों में दो चरणों में 45 अनधिकृत ढांचे हटाए गए।

उन्होंने बताया कि दो दिनों में केशवपुरम में 41 और नरेला में दो दिनों में 36 अवैध ढांचे हटाए गए। दक्षिणी शाहदरा और उत्तरी शाहदरा में संयुक्त रूप से बैनर/पोस्टर/होर्डिंग हटाने की 53 कार्रवाई की गई, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में तीन अलग-अलग अभियानों के दौरान 41 ढांचे हटाए गए।

सिटी एसपी और सिविल लाइन क्षेत्र में भी अनधिकृत बैनर और ‘पोल कियोस्क’ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 बैनर और 18 पोल कियोस्क हटाए गए।

अधिकारियों ने कहा कि ये अभियान आगामी एआई समिट के लिए शहर की सुंदरता बढ़ाने, सड़क सुरक्षा सुधारने, दृश्य अव्यवस्था कम करने और नगर निगम के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए थे।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर सभी जोन में आयोजित किए जाते हैं, खासकर उन क्षेत्रों में जहां अवैध विज्ञापन बार-बार लगाए जाते हैं।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश