इंफाल, 11 फरवरी (भाषा) मणिपुर पुलिस ने बुधवार को कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे वे संदेश गलत हैं, जिनमें दावा किया गया कि एक समुदाय के लोग चासाद कुकी गांव पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘यह हमारे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया मंच पर कुछ संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि एक विशेष समुदाय के सदस्य चासाद कुकी गांव पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं।’’
बयान में कहा गया, ‘‘उक्त जानकारी पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और निराधार है। किसी भी घटना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।’’
पुलिस ने कहा कि डर पैदा करने या सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के इरादे से अफवाहें फैलाने वाले लोगों और सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
यह स्पष्टीकरण उखरुल जिले के लिटन इलाके में तांगखुल नगा और कुकी समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प के बाद आया है।
चासाद उखरुल जिले से सटे तांगखुल नगा-बहुल कामजोंग जिले का सबसे बड़ा कुकी गांव है।
रविवार शाम से लिटन में हिंसा में 30 से अधिक मकान जला दिए गए, जिसके कारण अधिकारियों को क्षेत्र में कर्फ्यू लगाना पड़ा।
उखरुल जिले और पड़ोसी कामजोंग जिले के फुंग्यार उपखंड और कांगपोकपी जिले के लुंगटिन उपखंड में मंगलवार से पांच दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। बुधवार को उखरुल में स्थिति तनावपूर्ण रही, हालांकि फिर से हिंसा की कोई सूचना नहीं मिली।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र