मेघालय विधानसभा में सिंगकॉन को श्रद्धांजलि दी गई, सदन की कार्यवाही स्थगित

Ads

मेघालय विधानसभा में सिंगकॉन को श्रद्धांजलि दी गई, सदन की कार्यवाही स्थगित

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 01:59 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 01:59 PM IST

शिलांग, 20 फरवरी (भाषा) मेघालय विधानसभा में शुक्रवार को सभी निर्धारित कामकाज स्थगित कर दिया गया और शिलांग से सांसद रिकी ए. जे. सिंगकॉन को विधायकों ने मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व में श्रद्धांजलि दी। सिंगकॉन का एक दिन पहले निधन हो गया था।

विधानसभा अध्यक्ष थॉमस ए. संगमा ने कहा कि सदन में आज वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (वीपीपी) के नेता को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठकों का संशोधित कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

मेघालय का 2026-27 का बजट शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया जाना था।

मेघालय की ‘वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी’ से ताल्लुक रखने वाले 54 वर्षीय सांसद का बृहस्पतिवार को शिलांग में फुटसल खेलते समय बेहोश होने के कुछ ही समय बाद निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री ने सिंगकॉन के निधन को मेघालय के लिए एक गहरी क्षति बताया। संगमा ने कहा, ‘मुझे इसका अत्यंत दुख हो रहा है कि मैं आज उनको श्रद्धांजलि देने के लिए यहां खड़ा हुआ हूं।’’

विपक्ष के नेता मुकुल संगमा ने कहा कि सिंगकॉन ने जनता का प्रतिनिधित्व करने के संकल्प के साथ राजनीति में प्रवेश किया था। उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक जीवन के शुरुआती दौर में ही थे और वह ना केवल राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ रहे थे।

भाषा अमित मनीषा

मनीषा