ढेंकानाल (ओडिशा), पांच जुलाई (भाषा) ओडिशा के ढेंकानाल जिले के एक जंगल में रविवार को एक वयस्क जंगली नर हाथी मृत पाया गया। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि जानवर की मौत आकाशीय बिजली गिरने के कारण हुई होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 25 से 30 वर्ष की आयु वाले इस दंतैल हाथ का मृत शरीर हिंडोल रेंज के बोम्पा गांव के पास मिला।
वन अधिकारियों की उपस्थिति में एक पशु चिकित्सा दल ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने भी वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कहा कि घटना स्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आशंका है कि हाथी की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई है।
उन्होंने बताया कि संयुक्त निरीक्षण में करंट लगने का कोई सबूत नहीं मिला है जैसे कि बिजली के बुनियादी ढांचे के संपर्क में आना या बिजली के झटके से लगने वाली चोटों के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सभी तकनीकी व विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
भाषा सुमित नरेश
नरेश