शिलांग, 23 सितंबर (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने बुधवार को कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से एनपीपी नीत ‘मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस’ (एमडीए) सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भाजपा और यूडीपी दोनों ही एमडीए के घटक दल हैं। एक मंत्री समेत यूडीपी के आठ विधायकों के पाला बदलने से 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की विधायकों की संख्या दो से बढ़कर 10 हो गई है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर ही राजनीतिक दल में बदलाव हुआ है, इसलिए सत्तारूढ़ गठबंधन की ताकत पहले जैसी ही बनी हुई है।
इस बीच, यूडीपी ने भाजपा में शामिल हुए अपने आठ में से तीन विधायकों को बुधवार को निलंबित कर दिया। पार्टी अध्यक्ष मेटबाह लिंगदोह ने बताया कि मेघालय के इस क्षेत्रीय दल ने भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
निलंबित विधायकों में मावसिनराम के विधायक ओलन सिंह सुइन, खलीहरियात के विधायक किर्मेन शिल्ला और मावफलांग के विधायक एम बी कु्रबाह शामिल हैं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश