शिलांग, 18 सितंबर (भाषा) मेघालय की राजधानी शिलांग में शुक्रवार को ‘नाका-जांच’ के दौरान एक स्कूटर की टक्कर लगने से एक अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना उर्कलियार में रात करीब डेढ़ बजे हुई जब स्कूटर से जा रहे दो लोग पुलिस की तलाशी से बचने की कोशिश कर रहे थे और पूर्वी खासी हिल्स के अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) लवीश गर्ग – ने उन्हें भागने से रोकने का प्रयास किया।
पिछले कुछ दिनों में शहर में सरकारी और पुलिस के बुनियादी ढांचे पर पेट्रोल बम हमला होने के बाद मेघालय की राजधानी में नाका जांच और सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आईपीएस अधिकारी गर्ग ने स्कूटर सवार लोगों को रूकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने गाड़ी तेज कर दी और उन्हें टक्कर मार दी। गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गये तथा उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें अस्पताल की एचडी इकाई ले जाया गया।
ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक (शहर) डंगसन खिरिएम ने एक बयान में कहा,‘‘हालात से पता चलता है कि यह हरकत जान-बूझकर की गई। ऐसा लगता है कि इसका मकसद अधिकारी को गंभीर रूप से घायल करना और तलाशी से बचना था।’’
उन्होंने कहा कि हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्कूटर पर सवार जिन दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, उनके खासी स्टूडेंट्स यूनियन का सदस्य होने का शक है। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान और उस समय उनके घूमने एवं नाका-जांच से बचने की कोशिश करने के मकसद का पता लगाया जा रहा है।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव