नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नोटरी के लिए एक नया एप्लीकेशन मॉड्यूल शुरू किया है, जो सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के अनुरूप है।
नया मॉड्यूल मौजूदा नोटरी पोर्टल पर आधारित है।
विधि कार्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सहयोग से विकसित यह मॉड्यूल योग्य कानूनी पेशेवरों/वकीलों को नोटरी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा करने में सक्षम बनाता है।
यह मॉड्यूल सरकार के डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, जो कागज रहित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली को बढ़ावा देता है।
सोमवार को शुरू किया गया यह मॉड्यूल मौजूदा पोर्टल के साथ आसानी से जुड़ जाता है। इस मॉड्यूल में स्वचालित कार्यप्रणाली और उपयोगकर्ता के अनुकूल इंटरफेस शामिल हैं।
नोटरी अधिनियम 1952 तथा नोटरी नियम 1956 के अंतर्गत आवश्यकताओं के आधार पर, इस मॉड्यूल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किये जाएंगे।
भाषा प्रशांत माधव
माधव