नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) अभिनेत्री मेहरीन पीरजादा ने हिमाचल प्रदेश में एक निजी समारोह में अर्श औलख से शादी रचायी।
मेहरीन पीरजादा ‘एफ2: फन एंड फ्रस्ट्रेशन’, ‘महानुभवुडु’ और ‘राजा द ग्रेट’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
पीरजादा और औलख ने रविवार को अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इसमें शादी की कई तस्वीरें थीं। तस्वीरों के साथ लिखा था, ‘26.04.26’।
अभिनेत्री ने गुलाबी अनारकली सूट पहना था जबकि औलख ने उसी रंग का अनारकली कुर्ता पहना था। दोनों के कपड़ों पर कढ़ाई की गयी थी।
इससे पहले अभिनेत्री की सगाई कांग्रेस के युवा नेता भव्य बिश्नोई से हुई थी। उनकी सगाई मार्च 2021 में हुई थी, लेकिन जुलाई 2021 में सगाई टूट गयी।
मेहरीन पीरजादा ने 2016 में तेलुगु रोमांटिक कॉमेडी थ्रिलर ‘कृष्णा गादी वीरा प्रेमा गाधा’ से अपने करियर की शुरुआत की, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका साबित हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्य रूप से तेलुगु की कई फिल्मों में काम किया।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश
अविनाश